मऊ। परदहां ब्लाक के सरया गांव के प्रधान रामानंद यादव की मौत के बाद रिक्त चल रहे पद को भरने के लिए यहां पर उपचुनाव कराने की कवायद शुरू कर दी गई है। इस क्रम में 20 जून को प्रधान पद के लिए तीन लोगों ने पर्चा दाखिल किया, लेकिन शनिवार को नाम वापसी के दिन एक महिला प्रत्याशी ने अपना पर्चा वापस ले लिया। बताते चलें कि नाम वापसी के बाद मैदान में दो प्रत्याशी है। इनके भाग्य का फैसला एक जुलाई को वोट डालकर गांव के लोग करेंगे।
परदहां ब्लाक के ग्राम सभा सरया के प्रधान रामानंद यादव की बीते दो फरवरी को बीमारी के दौरान मौत हो गई थी। रामानंद की मौत के बाद से इस गांव की प्रधानी का पद रिक्त हो गया था। इसके चलते स्थानीय निकाय निर्वाचन ने यहां पर उपचुनाव कराने की तिथि नियत किया। इस क्रम में बीस जून को ब्लाक मुख्यालय पर नामंकन पत्र दाखिल किया गया। इस दौरान सरया गांव निवासी उमाकांत यादव पुत्र स्व. कुमार यादव, शकुंतला यादव पत्नी रामानंद यादव के साथ दिनेश चौहान पुत्र त्रिभुवन चौहान ने पर्चा दाखिल किया। शनिवार को पूर्व प्रधान स्व. रामानंद यादव की पत्नी शकुंतला ने अपना पर्चा वापस ले लिया। इस तरह से मैदान में अब मात्र दो प्रत्याशी शेष बचे हैं। बताते चलें कि मैदान में उतरे प्रत्याशियों में दिनेश चौहान पूर्व में रामानंद से भी चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा था।