मऊ। रतनपुरा ब्लाक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए प्रस्तावित बैठक 20 जून 2017 को बुलाई गई है। रतनपुरा ब्लाक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव को लेकर रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र का माहौल गरम है। लगभग एक माह से दोनों पक्षों के लोग अधिक से अधिक क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पाले में करने के लिए दिन रात एक किए हुए हैं। रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र पंचायत में 93 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। ब्लाक प्रमुख के निर्वाचन के एक साल बाद ही अविश्वास प्रस्ताव आया है। वहीं प्रमुख पक्ष के लोग प्रस्ताव गिराने पर आमादा हैं, अपने पक्ष में पूर्ण बहुमत का दावा कर रहे हैं, तो वहीं विपक्ष भी पूर्ण बहुमत का दावा कर रहा है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत नीरज मिश्रा ने बताया कि बैठक की पूरी तैयारी कर ली गई है। प्रशासन भी निष्पक्ष शक्ति परीक्षण की कवायद में लगा हुआ है, सुरक्षा व्यवस्था भी मुस्तैद है।