मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में ही 181 स्थान पर मूर्तियां स्थापित की जाती हैं। सभी मूर्तियों का विसर्जन एक साथ किया जाता है। बृहस्पतिवार को देर शाम 6 बजे कस्बा की मूर्तियां विभिन्न स्थानों से विजय स्तंभ चौक पर पहुंची और फिर वहां से कस्बा के विभिन्न मार्ग से होकर रोडवेज शहीद चौराहा, स्टेशन रोड, गांधीनगर, मुख्य बाजार होते हुए तमसा नदी पर गई।
इस दौरान डीजे पर सैकड़ो की संख्या में युवक देवी गीत पर झूमते नजर आए। विसर्जन सकुशल संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखा था।
एसपी इलामारन जी. ने बताया कि जिले में मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा में सबसे बड़ी संख्या में प्रतिमा स्थापित होने के बाद से यहां विसर्जन को लेकर पुलिस इस कस्बा को अलर्ट मोड पर रखते हुए इसे एक जोन और चार सेक्टर में विभाजित कर यहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए 500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों के अलावा नौ थानों की पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी।
बताया कि इसके लिए ड्रोन से निगरानी के साथ उनके साथ खुद अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, सीओ शीतलाप्रसाद पांडेय, अभय सिंह, अंजनी कुमार पांडेय, जितेंद्र सिंह चारों सेक्टर पर तैनाती की गई थी। बताया कि इसके अलावा महिलाओं की भीड़ को देखते हुए अलग से महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती हुई थी।