मऊ। जिले में संक्रमण का ग्राफ भले ही कम हो रहा है, लेकिन मौत का आंकड़ा थमता नहीं दिख रहा है। सोमवार को एक मरीज की मौत से मृतक मरीजों का आंकड़ा 70 पहुंच गया। वहीं 2073 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट में 18 नए संक्रमित मरीज मिले। जबकि 46 मरीजों ने संक्रमण को मात देकर घर लौटे।
सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को जिले में 1374 लोगों की जांच एंटीजेन से की गई। इसमें 14 लोग संक्रमित मिले, वहीं आजमगढ़ से आई 699 आरटीपीसीआर जांच में रिपोर्ट में 3 और ट्रूनाट जांच में 1 मरीज संक्रमित मिला। संक्रमित मरीजों में मऊ नगर से पांच, रतनपुरा ब्लाक से तीन, रानीपुर ब्लाक से तीन, परदहा ब्लाक से चार, मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक से एक, कोपागंज ब्लाक से एक, घोसी ब्लाक से एक और बड़राव ब्लाक से एक जबकि दो अन्य जगह से मिले। जिले में कुल मरीजों की संख्या 8 हजार 99 पहुंच गई है। इसमें 7 हजार 764 मरीज ठीक हो चुके है। 70 मरीजों की मौत हो चुकी है, सक्रिय 265 मरीजों में से 191 मरीजों का उपचार होम आईसोलेशन में किया जा रहा है।