दोहरीघाट। उपजिलाधिकारी सीएल सोनकर ने सोमवार की सुबह सवा दस बजे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान छह डाक्टर समेत 18 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। एसडीएम ने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश चिकित्सा अधीक्षक को दिया। उन्होंने जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी है।
उप जिलाधिकारी सुबह 10:15 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले उपस्थित पंजिका को देखा तो पाया कि छह डाक्टर समेत 18 कर्मचारी अनुपस्थित है। स्थायी 24 कर्मचारियों में से 6 कर्मचारी और 8 डॉक्टरों में 6 डॉक्टर अनुपस्थित मिले। 22 संविदा कर्मचारियों में 6 अनुपस्थित पाए गए। एक कर्मचारी निरीक्षण के समय आ गया था। एसडीएम ने सभी गैरहाजिर कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक को दिया। एसडीएम ने डॉक्टरों को चेतावनी दी कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बहुत से डॉक्टर हैं जो आते ही नहीं हैं। इसकी शिकायत बार-बार मिल रही थी। समय से अस्पताल नहीं आने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। आगे भी औचक निरीक्षण किए जाते रहेंगे।