जिले में चल रही यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा के तीसरे और अंतिम दिन सोमवार को 11 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी लेकर उन्हें परीक्षा कक्ष में भेजा गया।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थे। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की टीम चक्रमण कर परीक्षा व्यवस्था की निगरानी करती रही।
परीक्षा देकर बाहर निकल रहे अभ्यर्थियों के चेहरों पर आत्मविश्वास झलक रहा था। दोनों पालियों की परीक्षा में 9120 के सापेक्ष 7361 अभ्यर्थी शामिल हुए।
जिले में होमगार्ड भर्ती परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए नगर के डीएवी बालिका इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, मुस्लिम इंटर कॉलेज, तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक, सोनीधापा बालिका इंटर कॉलेज, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय सहित कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
परीक्षा शुरू होने के लगभग दो घंटे पूर्व से ही सभी केंद्रों के आसपास अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भीड़ देखने को मिली। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर कड़ी तलाशी और कागजातों की जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई, जिसमें 4560 के सापेक्ष 3673 अभ्यर्थी शामिल हुए। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई, जिसमें 4560 के सापेक्ष 3688 अभ्यर्थी शामिल हुए।
परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र पर परीक्षा सहायक और सह-केंद्र व्यवस्थापक भी नियुक्त किए गए थे।
परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी की जा रही थी। प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार चक्रमण कर परीक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थी।