जनपद के नए जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने रविवार को कार्यभार ग्रहण किया। कार्यालय में प्रेसवार्ता कर उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। कहा कि जनशिकायतों का जल्द निस्तारण किया जाएगा। साथ ही गोपनीय सूचनाओं के आधार पर प्रभावी, पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। सभी अफसरों के कार्यालयों के समक्ष शिकायत पेटिकाएं लगवाई जाएंगी। इनमें मिलने वाली शिकायतों का अध्ययन करके उनकी जांच कर प्रभावी कार्रवाई होगी।
डीएम ने कहा कि जिले का कोई भी व्यक्ति अपनी समस्याओं अथवा किसी मुद्दे को लेकर उनसे सीधी बात कर सकेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे अफसरों के साथ बैठक करके जिले की समस्याओं की जानकारी लेंगे। यूपी बोर्ड के हाई स्कूल अंग्रेजी के प्रश्नपत्र के हल की नदवासराय बाजार के आस पास परीक्षा से आधे घंटे पूर्व ही बिकने संबंधी सवाल पर उन्होंने कि कहा कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। पत्रकार भवन के निर्माण से जुड़े एक सवाल पर डीएम ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। 2008 बैच के आईएएस जिलाधिकारी इसके पूर्व विशेष सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास उप्र शासन एवं स्टाफ आफिसर मुख्य सचिव रह चुके हैं। इसके पूर्व गाजीपुर में मुख्य विकास अधिकारी, पिथौरागढ़ जनपद से बतौर एसडीएम पद पर सिविल सेवा की शुरुआत करनेेे वाले जौनपुर जनपद के मूल निवासी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी पूर्वांचल के कई जिलों में तैनात रह चुके हैं।