भारतीय किसान संघ के तत्वावधान में किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को ब्लाक परिसर में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने नारेबाजी के बीच जनकल्याणकारी योजनाओं में लूट का आरोप लगाया।
संघ के जिला उपाध्यक्ष शिव शक्ति सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य के द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं में भारी लूट मची हुई है। शौचालय निर्माण और आवास में काफी अनियमितता बरती गई है। विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से पुराने शौचालय तथा आवास को नया दिखाकर अनुदान हड़प लिया गया है।
ब्लाक अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा की बढ़ुआ गोदाम से रानीपुर विद्युत उपकेंद्र तक आने वाली मेन लाइन का तार काफी जर्जर हो गया है। आंदोलन किया गया लेकिन आज तक तारों को बदला नहीं जा सका है। फतेहपुर और गोकुलपुरा गांव में चल रही चकबंदी में अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक किसानों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। कहा कि मांगें माने जाने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर रामजीत सिह, अनिल सिंह, राणा सिह, दिनेश सिह, दशरथ चौहान, स्वामीनाथ सिह, रामनाथ चौहान, रामकृत चौहान, रविंद्र यादव, गोविंदा गोड़, मनीराम, राजकुमार चौहान, अरविंद प्रताप सिह आदि उपस्थित रहे।