कोपागंज(मऊ)। ब्लाक क्षेत्र के राष्ट्रीय राज्यमार्ग 29 स्थित बापू इंटर कॉलेज के पास बने सड़क किनारे बनी पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है। पुलिया की दीवार टूट गई, जिससे सड़क किनारे गड्ढा हो गया है। इस मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहनों का संचालन होता है। ऐसे में दो वाहनों के आपस में साइड देते समय गड्ढे में गिरने की संभावना बनी रहती है।
बता दे कि गोरखपुर -वाराणसी राज्य मार्ग 29 पर बापू इंटर कालेज के खेल मैदान के सामने बने पुलिया का निर्माण दो दशक पूर्व विभाग द्वारा कराया गया था। विगत कई सालों से मरम्मत के अभाव में पुलिस की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जिससे हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालक कभी भी गिर कर घायल हो सकते है। यही नहीं पुलिया से मात्र 100 मीटर की दूरी पर बापू इंटर कालेज संचालित होता है। इस समस्या के संबंध में मोहन, सुरेश, अवधू, रामकरन आदि लोगों ने बताया कि कई बार पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी स्थानीय अधिकारियों के अलावा जिले के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसे दुरस्त कराने का प्रयास नहीं किया जा रहा है।