मऊ। सीएमओ कार्यालय के सभागार में मंगलवार को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा बैठक नोडल अधिकारी डा. एमलाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आरबीएसके टीम द्वारा किए जा रहे चिकित्सीय कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान नोडल अधिकारी ने आरबीएसके टीम को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और लापरवाही पर कार्रवाई की बात कही।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की जानकारी देते हुए डीआइईसी मैनेजर अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम तीन विभाग स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास विभाग की संयुक्त तत्वाधन में चलाया जाता है। कार्यक्रम को धरातल पर लाने के लिए तीनों विभागों की मदद से लाभार्थियों को चिह्नित किया जा सकता है। इसके तहत 10 से 19 वर्ष तक किशोर-किशोरियाें में कुपोषण, शारीरिक बदलाव के कारण उत्पन्न विकृति मानसिक विकृति, व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूकता, सेनेटरी नैपकीन आदि के प्रयोग के बारे में जानकारी दी जाती है। नोडल अधिकारी ने अक्तूबर माह में संपन्न हुए आयरन जागरूकता सप्ताह की जानकारी ली। इस दौरान डा. शैलेजाकांत पांडेय ने डेंटल स्वास्थ्य और डा. सुनील मित्तल ने हैंडवॉश का डिमान्स्ट्रेशन किया। बैठक में डीपीएम रविंद्र नाथ, डा. पीके राय आदि मौजूद रहे।