मऊ। उप्र सरकार की शिक्षक विरोधी नीतियों के खिलाफ माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा की तरफ से चलाए जा रहे जनजागरण यात्रा कार्यक्रम के क्रम में रविवार को जुलूस के साथ आए शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी तथा शिक्षक विधायक संजय मिश्र सहित अन्य पदाधिकारियों का जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में स्वागत किया गया। शिक्षकों ने सरकार की शिक्षक विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी किया।
शिक्षक विधायक संजय कुमार मिश्र ने वित्तविहीन शिक्षकों को संगठित होकर सरकार द्वारा बंद किए गए मानदेय के खिलाफ लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है। इसके लिए वित्तविहीन महासभा के साथ खड़े होने की आवश्यकता है। संगठन की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रेनू मिश्र ने प्रदेश सरकार के खिलाफ उठ खड़े होने के लिए शिक्षकों का आह्वान किया। लखनऊ-फैजाबाद खंड के शिखक विधायक उमेश द्विवेदी ने कहा कि हमारी लड़ाई निर्णायक दौर में है। सरकार झुकेगी और मानदेय ही नहीं इसे समान कार्य के लिए समान मानदेय देगी। पिछली सरकार द्वारा दिए गए मनदेय को भी इस सरकार ने बंद कर शिक्षकों को छेड़ा है जो इसके लिए निश्चित रुप से भारी पड़ेगा। भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में इसे बढ़ाने की बात कहकर इसे समाप्त करना वित्तविहीन शिक्षकों के साथ विश्वासघात है जिसका खामियाजा चुकाना पड़ेगा। इस अवसर पर अनिल वर्मा, शाहनवाज खां,धनंजय शर्मा, राजेश राय, उत्तमचंद आदि शामिल रहे। संचालन शिक्षक नेता अंजनी कुमार सिंह ने किया।