मऊ। नगर पालिका द्वारा शनिवार को बंधा मोड़ पर सड़क किनारे पड़े पशुओं के मलबों को डंप कर उसे दूसरी जगह गड्ढ़ा खोदकर निस्तारित किया गया। बाद में अभियान चलाकर सड़क किनारे पड़ी दूसरी गंदगी को भी हटाया गया। उधर मलबा हटने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
22 अगस्त को बकरीद में पशुओं की कुर्बानी की गई थी। इसके बाद निकले पशुओं के मलबे को नगन पालिका कर्मचारियों ने उठाकर ग्रीन बेल्ट क्षेत्र बंधा मोड़ के किनारे डंप कर दिया था। भीषण गर्मी के चलते फेंके गए मलबे के सड़ने से उठने वाली भीषण दुर्गंध ने आसपास के लोगों को परेशान कर दिया। साथ ही उधर से गुजरने वालों को मुंह पर रुमाल रखना पड़ा। इस मुद्दे पर अमर उजाला ने 24 अगस्त को ‘सफाई के नगर पालिका के दावे हुए खोखले’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। शनिवार को इसका संज्ञान लेते हुए नगर पालिका ने दो सफाई की टीमों को लगा मलबों को डंप किया और दूसरे स्थान पर गड्ढ़ा खोदवा कर उन्हें निस्तारित कराया।
बताते चले कि नगर पालिका द्वारा आयोजित बोर्ड बैठक में नपाध्यक्ष तैयब पालकी द्वारा 22 अगस्त को बकरीद के त्यौहार को देखते हुए अगले दिन विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया था। नगर पालिका द्वारा 15 जगहों को चिह्नित किया गया था। लेकिन सफाई कर्मचारियों द्वारा इन जगहों को छोड़कर दूसरे जगहों पर सफाई अभियान नहीं चलाया गया। यहीं नहीं कर्मचारियों द्वारा पशुओं के मलबों को बंधा मोड़ सड़क किनारे डंप कर दिया गया।