कोपागंज। थानाक्षेत्र के एक गांव में 20 मार्च की रात बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने के आरोपी को पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची को मेडिकल मुआयना के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी भी नाबालिग है।
पीड़िता के पिता के अनुसार 20 मार्च की रात उसकी चार वर्षीय पुत्री अपने घर में टीवी देख रही थी। तभी पड़ोस में ननिहाल में आया किशोर घर में घुस आया और अकेले टीवी देख रही बच्ची के साथ अश्लील हरकत की। बच्ची के पिता को इस घटना की जानकारी दूसरे दिन हुई। इस दौरान शिकायत करने पर दोनों परिवारों के बीच बहस हुई, लेकिन लोगों के दबाव में पीड़िता के पिता ने उस समय पुलिस को सूचना नहीं दी। लेकिन तीसरे दिन शुक्रवार को पीड़िता के पिता ने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने 15 वर्षीय किशोर के खिलाफ अश्लीलता और पाक्सो एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को उसके ननिहाल से धर दबोचा। सीओ घोसी अरशद जमाल सिद्दिकी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जांच रिपोर्ट आने पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।