बढ़ुआ गोदाम (मऊ)। विवाह के छठवें दिन युवक ने अपनी पत्नी का अज्ञात कारण से हत्या करने के लिए गला रेत दिया, साथ ही खुद को भी घायल किया। परिजनों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के चंद्रवार गांव की है।
चंद्रवार गांव निवासी राजेश कुमार गुप्ता की शादी बीते पांच मार्च को आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चेवता गांव निवासी रामसेवक गुप्ता की पुत्र अंजलि से हुई थी। विवाह के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। शनिवार की भोर में अज्ञात कारण से पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने का प्रयास किया। युवक ने पहले पत्नी का गला दबाया, बाद में बधारी से गला रेत दिया। इसके बाद युवक खुद को घायल कर लिया। परिजनों को घटना की जानकारी काफी देर से हुई। इस दौरान खून से लथपथ पड़ी विवाहिता को परिवार के सदस्य उपचार के लिए सदर अस्पताल लाकर भर्ती कराया। बाद में घायल युवक को भी लाकर सदर अस्पताल मऊ में भर्ती कराया। विवाहिता की सास निर्मला देवी को कारण की जानकारी नहीं हो सकी। जबकि घायल भी इस संबंध में कुछ बोलने से इनकार किया।