अमिला। बिजली कटौती से त्रस्त होकर अमिला कस्बे के पूरब तरफ स्थित हनुमान मंदिर के पास अमिला-बोझी मार्ग को सैकड़ों लोगों ने सोमवार को विवेक राय के नेतृत्व में ढाई घंटा जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
मौके पर बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर रेवन्यू अनिल मिश्रा के पहुंचते ही आंदोलनकारियों ने सवालों की झड़ी लगा दी। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया और कहा कि निश्चित शेड्यूल के तहत सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे व शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक सप्लाई दी जाएगी। लेकिन आकस्मिक कटौती मेरे बस में नहीं है। बताया कि नगर पंचायत अमिला की व्यवस्था सही करने के लिए जर्जर तार, पोल, केबिल व विद्युत सब स्टेशन के दुरुस्त करने की व्यवस्था हो रही है। इस आश्वासन पर ढाई घंटा चला जाम समाप्त हुआ।
जाम करने वालों में प्रमुख विवेक राय का कहना है कि प्रदेश सरकार के 20 घंटे बिजली आपूर्ति के फरमान के आदेश को बिजली विभाग ने ठेंगा दिखाया। मेन लाईन कटौती कर जनता को मूर्ख बनाया जा रहा है। बड़रॉव ब्लॉक के माँदी, पान्डेयपार फीडर से जुड़े गांव अतरसावाँ, रेयॉव, सिपाह, शुकलौली, अमिला, मुजरा, भटमिला, जलालपुर सहित दर्जनों गांवों में इन दिनों बिजली की आपूर्ति को लेकर लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। सरकार के आदेशानुसार जहां 18 से 20 घण्टा विद्युत आपूर्ति दिए जाने का फरमान है वहीं विभाग द्वारा आठ से 10 घंटे भी लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों द्वारा सम्बंधित विभाग से पूछे जाने पर मेन लाईन कटौती व 33 का फाल्ट बता कर फोन काट दिया जाता है। जिससे त्रस्त आकर कस्बे के लोगों ने जाम लगा दिया। उच्चाधिकारियों के आने और आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ लेकिन लोगों ने चेताया कि अगर व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो वह बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान मुख्य रूप से विपिन राय, शमशाद आलम, आशीष, अजय कुमार गुप्ता, रामप्रवेश राय, राजाराम सोनकर, आलोक राय, महेंद्र गुप्ता, प्रभात शर्मा, संतोष चौधरी, संदीप चौरसिया, अशरफ अली, प्रमोद कुमार, रामाधार, शिवचंद, राम लाल, विनय कुमार सहित दर्जनों महिलाएं उपस्थित रही।