मऊ। स्वदेशी जागरण मंच की तरफ से चलाए जा रहे राष्ट्रीय स्वदेशी सुरक्षा अभियान के तहत विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार के आंदोलन के संबंध में चौथे दिन भी रथ यात्रा जनपद के विभिन्न स्थानों से होकर गुजरी। मधुबन में चीन का पुतला दहन किया गया।
स्वदेशी सुरक्षा अभियान में निकाली गई रथ यात्रा गोंठा से दोहरीघाट के रास्ते रसूलपुर,दरगाह होते हुए मधुबन पहुंची। स्वदेशी संकल्प यात्रा में साथ चल रहे कार्यकर्ताओ ने रथ के माध्यम से लोगों का ध्यान अपनी ओर आकृष्ठ करते हुए प्रचार प्रसार को आगे बढ़ाया। रथ को रसूलपुर,सूरजपुर,दरगाह में जगह जगह पर रोककर जन सभा करते हुए लोगों को स्वदेशी के प्रति जागरूक किया गया। रथ के माध्यम से स्थानीय निवासियों को विदेशी वस्तु त्यागकर स्वदेश में निर्मित वस्तुओं को अपनाने का आग्रह किया गया। स्वदेशी जागरण मंच के उद्देश्य से अवगत कराते हुए स्वदेशी से संबंधित पत्रक बांटते हुए स्थानीय दूकानदारों तथा व्यापारियों से सहयोग मांगते हुए उनसे स्वदेशी वस्तुओं के व्यापार करने के प्रति आग्रह किया गया।संकल्प दिलवाया गया कि अधिक से अधिक व्यापार स्वदेशी वस्तुओं का ही होगा। स्थानीय बाजारो में लोगो को सभा के माध्यम से बताया गया कि, किस प्रकार से चीन हमारे पैसे से ही हमारे देश के विरुद्ध साजिश कर रहा है। रथ यात्रा को मधुबन में पहुंचने के बाद एक जनसभा की गई। साथ ही चीन का पुतला दहन किया गया और राष्ट्रवादी नारे लगाए गए। इस अवसर पर प्रांत संयोजक सर्वेश पांडेय,जिला संयोजक पंकज तिवारी, विजय प्रकाश,संदीप पाल,कृष्णकांत राय,विजय कृष्ण,शरद राय,सोनू यादव,बृजेश गिरी,अरुण मौर्य,चंद्रशेखर मद्धेशिया, मनोज,संजीव आदि कार्यकर्ता रहे।