मऊ। गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कालेज में बीते दिनों हुई नौनिहालों की मौत पर वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को राज्य सरकार को दोषी मानते हुए राज्यव्यापी आंदोलन किया। गुरुवार को जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना का आयोजन किया गया। भाकपा के राष्ट्रीय पार्षद एवं पूर्व विधायक इम्तेयाज अहमद ने कहा कि सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाली योगी मोदी की सरकार शिक्षा तथा रक्षा बजट में कटौती कर गरीबों, मजदूरों व किसानों एवं उनके बच्चों को बेमौत मार रही है। कहा कि जिस सरकार के मंत्री गैर जिम्मेदाराना बयान देकर कहते हें कि अगस्त माह में हमेशा मौते होती रहती हैं ऐसी सरकार को अविलंब इस्तीफा दे देना चाहिए। धरने को संबोधित करते हुए विरेंद्र कुमार ने भी बच्चों की मौत पर प्रदेश सरकार को जमकर कोसा। त्रिभुवन दत्त, श्रीराम सिंह, विनोद सिंह, रामनवल सिंह, शम्सुल हक, शेर मुहम्मद, अबुल कलाम, सुग्गन यादव, मनोरमा, रामाशीष चौहान आदि रहे। अध्यक्षता सहमती राम व संचालन बसंत कुमार ने किया।