बुकिंग शुरू होते ही एसपी बने पहले ग्राहक
मऊ। जिले में एक बार फिर से जियो का मेला लगाने लगा है, गुरुवार की देर शाम पांच बजे बुकिंग शुरू होते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव जियो मोबाइल के पहले ग्राहक बने। देर शाम सात बजे तक जिले में एक हजार मोबाइल फोन की बुकिंग का आंकड़ा सामने आया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि जियो की तरफ से पुलिस लाइन में कैंप लगाया गया था। इसके तहत उन्होंने 1500 रुपया देकर बुकिंग कराई। दूसरी तरफ शाम पांच बजे से शुरू होने वाली बुकिंग के लिए पहले से लोगों ने लाइन लगाना शुरू कर दिया था। आजमगढ़ मोड़ सहित शहर के अन्य कई हिस्सों में मोबाइल की बुकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक बार फिर से जियो का नेटवर्क पाने के लिए लोग लाइनों में लगने लगें। लाइन में लगने वाले शहर निवासी दिनेश, धर्मदेव ने बताया कि जिस दाम पर यह सुविधा उपलब्ध है, अन्य नेटवर्क नहीं दे रही। इसके चलते वो इस मोबाइल की बुकिंग कराएं। देवेंद्र बहादुर और एजाज ने कहा कि जियो का इंटरनेट काफी सस्ता है। इसके चलते वो इसको पसंद करने लगें है।