कोपागंज। शासन की तरफ से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने का फरमान बेअसर साबित हो रहा है। अस्पताल में दवाओं सहित विभिन्न सुविधाओं का अभाव है। जिलाधिकारी के निरीक्षण में मामला प्रकाश में आया। जिलाधिकारी ऋषिरेंद्र कुमार ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में तमाम खामियां मिली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जांच करने पहुंचे जिलाधिकारी ऋषिरेंद्र कुमार ने एक मरीज को बाहर से दवा लाता देख पूछताछ करते हुए संबंधित चिकित्सक पर बिफर पड़े। उन्होंने उक्त चिकित्सक को बाहर से दवा न लिखे जाने की चेतावनी दी। साथ ही दवा स्टोर व साफ सफाई का भी निरीक्षण किया। वहीं स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी के कक्ष में ताला बंद देख अनुपस्थित कर अधीक्षक को फटकार लगाया। परिसर में साफ सफाई की व्यवस्था दयनीय देख कड़ी फटकार लगाई। वहीं उपस्थित मरीजों से भी स्वास्थ केंद्र से मिलने वाली सुबिधाओ के बारे में भी पूछताछ करते हुए सभी कर्मचारियों को हिदायत दी कि मरीजों को शासन से मिलने वाली हर सुविधा मुहैया कराई जाए। इसमें किसी प्रकार की कोताई न बरती जाए। अगर शिकायत मिली तो संबंधित के विरुद्ध कार्यवाई तय है।