घोसी तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर लोगों की समस्या को सुनते जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र
जनपद के सभी चार तहसील पर सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान चार तहसील पर कुल 201 मामले आए, जिसमें 17 का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में तहसील घोसी में संपूर्ण समाधान का आयोजन किया गया।
इस दौरान कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें 43 राजस्व विभाग की, 2 पुलिस विभाग, 7 विकास विभाग, 1 विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों की शिकायतें थी। जनसुनवाई के दौरान 3 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया।
इसके अलावा 2 शिकायतों के निस्तारण के लिए टीमों का गठन कर मौके पर भेजा गया। जनसुनवाई के दौरान राजस्व विभाग के अधिक शिकायतों के लिए जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उपस्थित समस्त अधिकारियों को उन्हें प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता में शामिल है। सभी अधिकारी इसे गंभीरता से लेते हुए उस पर कार्रवाई करें।