मऊ। आल यूनियन एंड एसोसिएशन आफ बीएसएनएल के तत्वावधान में बीएसएनल कर्मचारियों तथा अधिकारियों ने सोमवार को कार्यबहिष्कार कर जिला दूरसंचार प्रबंधक कार्यालय के गेट पर धरना प्रदर्शन किया।
संगठन के अध्यक्ष उमेश गोस्वामी ने कहा कि 15 प्रतिशत फिटमेंट के साथ तृतीय वेतन संशोधन एक जनवरी 2017 से शीघ्र दिया जाए। बीएसएनएल प्रबंधन द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार फोरजी स्पैक्ट्रम का आवांटन शीघ्र किया जाए।संचारमंत्री द्वारा पेंशन पुनरीक्षण वेतन पुनरीक्षण से अलग करने का आश्वासन पूरा किया जाए।
भारत सरकार के नियमानुसार बीएसएनएल द्वारा पेंशन अंशदान का भुगतान लिया जाए।द्वितीय वेतन पुनरीक्षण के लंबित मामलों का शीघ्र समाधान किया जाए। बीएसएनएल की भूमि प्रबंधन नीति का शीघ्र अनुमोदन किया जाए। बीएसएनएल की स्थापना के समय ग्रुप आफ मिनिस्टर्स द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार वित्तीय जीवंतता सुनिश्चित किया जाए।बीएसएनएल को बैंक से लोन लेने के लिए प्रस्ताव लेटर आफ कंफर्ट जारी किया जाए। बीएसएनएल बोर्ड आफ डायरेक्टर्स के सभी रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाए। बीएसएनएल के मोबाइल टावर का आउटसोर्सिंग के माध्यम से संचालन व रख-रखाव का प्रस्ताव रद्द किया जाए। मांगों को अविलंब पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।धरने में हर्षदेव, रामजी शर्मा, ज्ञानचंद वर्मा, यशवंत कुमार, सीएल वर्मा, शशिकांत, कमला यादव, रामविलास सिंह, रामनयन सिंह, राकेश, जवाहिर प्रसाद, रामसूरत राम, सुरेंद्र यादव, लालबिहारी यादव आदि शामिल रहे।