मऊ। मऊ-वाराणसी रेलमार्ग पर माहपुर स्टेशन पर 6 घंटे का मेगा ब्लाक होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। ब्लाक के चलते कई ट्रेनें अपनी समय से विलंब से चली, इससे सर्दी में यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने गंतव्य को जाने के लिए अन्य साधनों का उपयोग किया।
बुधवार को जिले से होकर गुजरने वाले रेलमार्ग पर 6 घंटे का मेगा ब्लाक रहा। ऐसे में लिच्छवी एक्सप्रेस, कृषक एक्सप्रेस, दादर एक्सप्रेस, डीएमयू, इंटरसिटी एक्सप्रेस आदि ट्रेनें अपने समय से विलंब से रही। शाम साढ़े चार बजे मऊ से वाराणसी को जाने वाली 15523 डीएमयू दो घंटे लेट से गई। वहीं वाराणसी से गोरखपुर को आने वाली कई ट्रेनों भी काफी विलंब से स्टेशन पहुंची। मेगा ब्लाक के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने के कारण यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सैकड़ों की संख्या में रेल यात्री स्टेशन पर परेशान होकर इधर-उधर घूमते नजर आए।
पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि छह दिसंबर को 08.50 से 2.25 बजे तक भटनी यार्ड में पावर ब्लाक दिया जा रहा है। इसके चलते 55122 वाराणसी सिटी-भटनी सवारी गाड़ी भटनी से चलकर मऊ में अपनी यात्रा समाप्त करेगी। जबकि 55123 भटनी-वाराणसी सिटी सवारीगाड़ी भटनी के बजाए मऊ से चलाई जायेगी।