दोहरीघाट। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 8 दिसंबर को गोंठा गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद मोटल तथागत में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। उत्तर प्रदेश भाजपा पिछड़ा वर्ग के विनोद कुमार यादव के पैतृक आवास मुरादपुर में उनके बेटे तिलक समारोह में भी डिप्टी सीएम शामिल होंगे।
उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए डीएम सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी मुरादपुर से गोंठा तक का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। एडीओ पंचायत सफाईकर्मियों को लेकर परिसर की साफ सफाई कराने में जुटे हुए हैं। ग्राम स्तर पर तैयारियों में कोई कमी न रहने पाए इसके लिए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राम जन्म गुप्ता जुटे हुए हैं। पार्टी जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय गोंठा में डेरा डाले हुए हैं तो मंडल भाजपा अध्यक्ष रामाधीन पांडेय सभी बूथ कमेटियों के कार्यकर्ताओं के गोंठा में उप मुख्यमंत्री के जनसभा में ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाने की कवायद में जुटे हुए हैं। ग्राम प्रधान रामबचन यादव ने बताया कि आस पास की ग्राम पंचायतों में उप मुख्यमंत्री के आगमन पर छोटे मोटे विकास कार्य कराए जा रहे हैं।