सूरजपुर। मधुबन तहसील के रसूलपुर न्याय पंचायत के चकेसर गांव में किसानों की सुविधा के लिए लाखों की लागत से लगाया गया राजकीय नलकूप बीते एक वर्ष से खराब होकर शो पीस बना है। तकनीकी ख़राबी में मोटर जलने के कारण यह नलकूप बंद पड़ा है। हालांकि इस नलकूप को ठीक कराने के लिए किसानों ने कई बार विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं की गई।
रसूलपुर क्षेत्र के चकेसर गांव में सिंचाई के लिए स्थापित राजकीय नलकूप बीते एक वर्ष से महज मोटर जलने के कारण बंद पड़ा है। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के उदासीन रवैए के चलते बरवक्त किसानों की धान की नर्सरी और रोपे गए धान की फसल सूखने के कगार पर पहुंच गई है। क्षेत्र में सिंचाई विभाग की माइनरों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है। चकेसर गांव के किसानों की खेती भगवान भरोसे है। किसान रविभूषण त्रिपाठी, चंद्रभान तिवारी, विजई मौर्य, मुनेश्वर राजभर, कोमल राजभर, दलसिंगार राजभर ने कहा जब राजकीय ट्यूबवेल ग्राम सभा मे लगा तो क्षेत्र के किसानों में खुशी दौड़ गई थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते आज किसान इस सुविधा से वंचित है। क्षेत्र के किसानों ने बिगड़े नलकूप को ठीक कराने की मांग की।