स्थानीय ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा लाडनपुर के मौजा चेरा राम का पूरा में प्राचीन शिव मंदिर में मूर्ति स्थापना के लिए रविवार को हाथी घोड़ों के साथ प्रतिमाओं के साथ यात्रा निकाली गई। यात्रा का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। हर हर महादेव के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो रहा था।
मंदिर परिसर में मूर्ति स्थापना के लिए एक सप्ताह से चल रहे ॐ नम: शिवाय जप व श्री रामकथा के अंतिम दिन रविवार को स्थापित की जाने वाली मूर्तियों में भगवान शंकर, माता पार्वती, कार्तिकेय, गणेश, नंदी, कच्छप को वाहन में सजा कर शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा का नेतृत्व अयोध्या से आये पं.किशोरी शरण जी महराज व हरिकृष्ण जी महराज ने किया। यात्रा चेरा राम का पूरा गांव से निकलकर शहजादी माता मंदिर,कसारा मोड़ होते हुए कोपागंज स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंची। वहां से बापू इंटर कालेज होते हुए पुन चेरा राम का पूरा स्थित शिव मंदिर पहुंची। भ्रमण के बाद शोभा यात्रा यज्ञ स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई। उसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्तियों की स्थापना का कार्यक्रम शुरू हुआ।
इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही । मंदिर परिसर घंटा-घड़ियाल, शंखध्वनि और जयकारों से गूंजता रहा। इस अवसर पर समीर तिवारी, विनोद तिवारी, विपिन तिवारी, कौशल तिवारी, सत्येंद्र त्रिपाठी, प्रदीप, साधु, पंकज तिवारी आदि शामिल थे।