मऊ। बाल निकेतन स्थित रेलवे क्रासिंग पर प्रतिदिन जाम लगने से छात्रों सहित आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। जाम में फंसने से छात्रों की स्कूल तथा कोचिंग क्लास छूट जाती है। ऐसे में शासन प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी रेलवे क्रासिंग पर आरओबी निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है। बनवाए जाने के आश्वासन के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हो सका है। इस संबंध में बीएससी के छात्र वजाहत जया का कहना था कि बाल निकेतन रेलवे क्रासिंग पर जाम लगने के चलते कोचिंग तथा कालेज की क्लास छूट जाती है। काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ओवरब्रिज की समस्या का समाधान होना चाहिए। छात्र विकास का कहना है कि क्रासिंग पर बार-बार जाम लगने के चलते लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। जाम में फंसने के चलते समय से स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं। ओवरब्रिज जल्द बने तो बेहतर है। छात्र अकसद अहमद का कहना है कि दिन में लगभग 50 से अधिक बार क्रासिंग का फाटक बंद होने से जाम लग जाता है। स्कूली बच्चों को असुविधा होती है। छात्र संस्कार का कहना है कि क्रासिंग पर बार-बार जाम लगने से घंटों फंसने से पढ़ाई का नुकसान उठाना पड़ता है। बाल निकेतन रेलवे क्रासिंग पर काफी समय से ओवरब्रिज बनाने की मांग उठ रही है। ऐसे में समस्या का अविलंब समाधान किया जाए।