सूरजपुर(मऊ)। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के पास घाघरा नदी में शुक्रवार की शाम उतराई लाश मिली। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने शव को पानी से निकलवाया। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का मानना है कि युवक का शव कहीं दूर से बहकर यहां आ गया है। मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं दिख रहे थे।
थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के पास नदी के कटान स्थल पर शुक्रवार की शाम को लोगों ने एक शव को किनारे लगा देखा। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी पाकर थानाध्यक्ष नीरज कुमार पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाश को पानी से बाहर निकलवाया। एसओ के अनुसार मृतक के शरीर पर बाहरी तौर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। मृतक के शरीर पर टीशर्ट और उसके स्वेटर तथा जींस थी। उसके पैरों में जूते अथवा चप्पल नहीं थे। मृतक के शरीर पर कपड़े से आशंका है कि उसकी हत्या करके नदी में फेंका गया होगा। अब युवक की हत्या कैसे और किन परिस्थितियों में कहां हुई। यह सब तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पुलिस की जांच के बाद चल सकेगा। लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऐसा गल रहा था कि युवक की हत्या कर शव नदी में फेंक दिया गया और शव नदी की धारा के साथ बहता हुआ यहां तक आ गया। इस बाबत सीओ घोसी अरशद जमाल सिद्दिकी का कहना है कि मृतक की फोटो लेकर मुकामी लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। अन्य थानों से गुमशुदा लोगों के बार में जानकारी एकत्र कर मृतक की पहचान कराने और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश पुलिस करेगी।