मुहम्मदाबाद गोहना। नगर पंचायत चुनाव को लेकर नगर निकायों के अध्यक्ष पद का आरक्षण घोषित होने के बाद अब निकायों में चुनावी हलचल बढ़ गई है। हालांकि आरक्षण की घोषणा होने के बाद कई लोगों के चुनाव लड़ने के मंसूबो को तेज झटका लगा है तो दूसरी तरफ महीनों से तैयारी में जुटे संभावित प्रत्याशियों के चेहरे खिल गए है।
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र में दो नवसृजित नगर पंचायतों वलीदपुर और चिरैयाकोट में पहली बार नगर निकाय का चुनाव होना है। इसलिए यहां पर चुनाव की तैयारी में जुटे सभी प्रत्याशी एक तरह से नए चेहरे हैं। जहां तक मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत के लिए प्रत्याशियों के नाम का सवाल है तो यहां पर कमोवेश आधा दर्जन पुराने चेहरे ही मैदान में उतरने की तैयारी में है। इसके अतिरिक्त लगभग इतने ही नए चेहरों के भी मैदान में उतरने की पूरी संभावना है। आरक्षण की तस्वीर साफ होने के बाद मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। चुनावी मैदान में उतरने को लेकर इस वर्ग से दर्जनों प्रत्याशी अपना दम खम ठोकने को तैयार हैं। इस तहसील की नव सृजित नगर पंचायत चिरैयाकोट में भी अध्यक्ष पद के लिए महिला सीट होने से जो भी दिग्गज चुनाव लड़ने के लिए आतुर दिख रहे थे वह अब अपने परिवार की महिला सदस्यों को आगे करके चुनाव मैदान में बने रहने की तैयारी कर रहे हैं। वलीदपुर में भी कमोवेश स्थिति यही है। यहां भी संभावित प्रत्याशी अपने परिवार की महिला सदस्य को आगे करके पहली नगर पंचायत अध्यक्ष का रुतबा हासिल करने की कवायद में जुट गए हैं।