मऊ। बीएचयू में छात्राओं के ऊपर हो रहे उत्पीड़नात्मक कार्यवाही के विरोध में में विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा बीएचयू में पढ़ रही छात्राओं के अभिभावकों की बैठक नगर के सहादतपुरा स्थित एक सामाजिक कार्यकर्ता के आवास पर हुई। इसमें सर्वसम्मति से बीएचयू की छात्राओं पर किए जा रहे उत्पीड़नात्मक कार्यवाही का विरोध करते हुए कुलपति को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की गई।
सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद मूर्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में जिस प्रकार से छात्राओं का उत्पीड़न हो रहा है। इससे प्रतीत होता है कि बीएचयू प्रशासन छात्राओं की सुरक्षा करने में नाकाम है। उन्होंने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। गोपाल कृष्ण बरनवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन के उदासीनता तथा अड़ियल रवैए के चलते स्थिति उत्पन्न हुई है। केंद्र सरकार दोषी कुलपति को तत्काल बर्खास्त करे। जिससे बीएचयू कैंपस में अमनचैन का माहौल कायम हो सके। इस दौरान राजेंद्र अग्रवाल, दिलीप वर्मा, रामकृष्ण दास, अशोक कुुमार बरनवाल, विनय राजभर, अरविंद गुप्ता, डॉ. विनोद कुमार बरनवाल, विजय गुप्ता आदि शामिल रहे।