नदवासराय। विकास खंड मुहम्मदाबाद गोहना के ग्राम पंचायत सियाबस्ती में सुविधा शुल्क न मिलने पर कुछ पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों का नाम सूची से काट कर बाहर कर दिया गया। इस बात की जानकारी होने पर नाराज ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना को शिकायती पत्र देकर जांच के साथ दोषी के विरुद्घ कार्रवाही करने की मांग की है।
मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के सियाबस्ती गांव में पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों का सत्यापन ग्राम पंचायत सचिव राजेश सिंह द्वारा किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्डधारक कौशिल्या, विद्यावती, मनोरमा, गुड्डी, सावित्री आदि से पंचायत सचिव द्वारा अवैध धन की मांग की गई। कार्ड धारकों द्वारा धन न देने पर पंचायत सचिव ने कार्ड धारकों का नाम निष्कासन सूची में भेज दिया। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना से की। जिस पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से खंड विकास अधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना को जांचोपरांत प्रभावी कार्रवाई करने का आदेश दिया। इस बावत कौशिल्या, विद्यावती, मनोरमा, गुड्डी, सावित्री कार्ड धारकों ने कहा कि सुविधा शुल्क न देने पर सचिव ने रिपोर्ट में हम कार्डधारकों का डबल कार्ड बताकर काट दिया। जबकि सभी कार्ड धारक शासनादेश में अनुसार पात्र है, तथा हमारे परिवार की कोई भी यूनिट डबल नहीं है। जबकि सचिव राजेश सिंह का कहना है कि यदि निष्कासन सूची में पात्रों का नाम चला गया होगा तो उसे सुधार लिया जाएगा। उन्होंने महिलाओं के द्वारा लगाए गए आरोप को निराधार बताया। इधर खंड विकास अधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना हरिवंश प्रसाद ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है इस प्रकरण की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्यवाही की जाएगी।