जिले में रिक्त पड़े दो ग्राम प्रधानों, 11 ग्राम पंचायत सदस्यों और सात क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए उपचुनाव कराए जाएंगे। जिसकी अधिसूचना जिलाधिकारी ने बुधवार को जारी कर दी। चुनाव प्रक्रिया 26 जून से शुरु हो जाएगी। छह जुलाई को मतदान होंगे और आठ को मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी।
जिले में घोसी ब्लाक के मानिकपुर असना और दोहरीघाट ब्लाक के रसूलपुर इनामुद्दीनपुर गांवों के प्रधानों के पद रिक्त हैं। मानिकपुर असना गांव के प्रधान नफीसा खातून के निधन से यह पद रिक्त हुआ है। जो महिला के लिए आरक्षित है। जबकि रसूलपुर इनामुद्दीनपुर गांव के प्रधान हरिनाथ यादव का भी निधन होने से यह अनारक्षित पद खाली है। उधर दोहरीघाट ब्लाक के सरगुआं मेहदूपार गांव में अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के एक एक ग्राम पंचायत सदस्य, परिखापुर के पिछड़ा वर्ग और पिछड़ा वर्ग महिला के एक एक ग्राम पंचायत सदस्य, फतेहपुर मंडाव ब्लाक के सूरजपुर के ग्राम पंचायत सदस्य के अनुसूचित जन जाति महिला और अनुसूचित जाति महिला के एक एक पद के लिए उप चुनाव होने हैं। जबकि बड़रावं ब्लाक के भिखारीपुर के अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के ग्राम पंचायत सदस्य के लिए आरक्षित पद, चिउंटी डांड़ और उसुरी खुर्द गांवों के ग्राम पंचायत सदस्य के अनुसूचित जन जाति महिला के एक एक पद, पकड़ी बुजुर्ग गांवअनुसूचित जाति महिला के लिए एक पद तथा मूजडांड़ गांव के अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित पद के लिए उप चुनाव होंगे।
इसी प्रकार कोपागंज के अनुसूचित जाति के एक बीडीसी, घोसी ब्लाक के अनारक्षित बीडीसी, बड़रावं ब्लाक के महिला, ओबीसी और अनारक्षित के तीन पदों, रतनपुरा में ओबीसी के के एक पद तथा रानीपुर में महिला के लिए आरक्षित एक क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि इन पदों के लिए नामांकन 26 जून को होंगे। 27 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, 28 जून को नाम वापसी की जा सकेगी। 29 जून को तीन बजे तक चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा जबकि 6 जुलाई को सुबह आठ बजे से मतदान होगा। आठ जुलाई को मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषाणा की जाएगी।