अब गंभीर बीमारियों से ग्रसित गरीब परिवारों को धनाभाव में इलाज के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा। मुख्यमंत्री जन आरोग्य बीमा योजना के तहत 10952 लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड दिया जाएगा। शासन ने स्वास्थ्य विभाग को सीएम आरोग्य बीमा के लाभार्थियों की सूची भेजी है। विभाग की तरफ से 30 जून तक ब्लाकवार कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड बांटा जाएगा।
केंद्र सरकार की तरफ से गरीब परिवारों के इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना शुरू की गई थी। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान) की लांचिंग के समय लाभार्थी परिवारों को जोडने के लिए वर्ष 2011 की आर्थिक गणना का सहारा लिया गया था। इसके तहत 93 हजार गरीब परिवार चयनित किए गए। योजना से हजारों गरीब परिवार वंचित हो गए। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने आयुष्मान के लाभ से वंचित गरीब परिवारों के चयन लिए आर्थिक गणना के आधार पर सर्वे कराया। इसमें जिले में 12162 लाभार्थी गरीब परिवार पात्र पाए गए। शासन की तरफ से स्वास्थ्य विभाग को मुख्यमंत्री जन आरोग्य बीमा योजना के तहत 10952 की सूची जारी की गई है। चयनित इन परिवारों का स्वास्थ्य खर्च अब प्रदेश सरकार वहन करेगी। अधिकारियों की मानें तो सीएम जन आरोग्य योजना के तहत चयनित लाभार्थी परिवारों के आयुष्मान पत्र पीएमजेवाई पोर्टल में आ चुके हैं। इन्हें पोर्टल से निकालकर जल्द वितरण करने की प्रक्रिया पूरी होगी। योजना का सही ढंग से क्रियान्वयन किया गया तो गरीब परिवार के लोगों के लिए मददगार साबित हो सकती है।
इस बाबत सीएमओ डॉ. सतीश चंद्र सिंह का कहना है कि सीएम आरोग्य बीमा योजना के तहत 10952 लाभार्थियों की सूची शासन से मिली हैं। कैंप लगाकर 30 जून तक लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड वितरित कर दिया जाएगा।