नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में सोमवार को भगवान भास्कर के तेवर तल्ख रहे। तपिश और लू ने लोगों को बेहाल रखा। पारा 45डिग्री पहुंच जाने से दिन में सड़कों पर आवाजाही कम रही। जबकि बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। जो मजबूरीवश बाहर निकले वह भी अपने को पूरी तरह कपड़ों से ढंके रहे। रास्ते में रुक कर लोग शीतल पेय पदार्थों का सेवन करते दिखे।
सोमवार को भी लोगों को जबरदस्त गर्मी का सामना करना पड़ा। तेज धूप के साथ ही गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग परेशान रहे। अपराह्न के समय आकाश में हल्के बादल रहने से धूप छांव होती रही। तेज धूप रहने से दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा की स्थिति रही। कम लोग ही आते जाते दिखाई दे रहे थे। राहगीरों के साथ ही पशु पक्षी भी गर्मी से व्याकुल दिख रहे थे। आम लोगों की मानें तो इस बार गर्मी अधिक पड़ने के आसार दिखाई दे रहे हैं। सोमवार को सुबह आठ बजे से तेज धूप निकली जिससे भीषण गर्मी का अहसास लोगों को होने लगा। बाहर निकलते समय धूप से बचाव के लिए लोग अंगौछा, तौलिया से सिर को ढके हुए थे। सड़कें आग की तरह तप रही थी। राहगीर गर्मी से खासे बेचैन दिखाई दे रहे थे। यात्रा कर रहे राहगीरों को जहां छायादार स्थान मिला तो वहीं बैठकर गर्मी से निजात पाने का प्रयास करते देखे गए। पशुओं का भी बुरा हाल था। प्यास से व्याकुल होकर जानवर इधर उधर भटकते देखे गए।