आगामी त्यौहार ईद-उल-फितर, रमजान को सकुशल संपन्न कराने के क्रम में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। इस दौरान दोनों वर्गों से त्योहार सौहार्दपूर्व वातावरण में बनाने की अपील की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईद पर्व की मूल भावना आपसी भाईचारे एवं सौहार्द को बढ़ाना है। सभी लोग मिलजुल कर त्योहार मनाएं। कहा कि इसे संपन्न कराने की जिम्मेदारी हम सभी की है। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र बहादुर ने कहा कि त्योहार में किसी प्रकार की अफवाहो पर ध्यान न दें। अगर किसी प्रकार की अफवाह सामने आती है तो पुलिस को सूचना दें। शांति समिति के सदस्यों ने शिकायत की कि तिराहे, चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था पर कम मोबाइल पर ज्याद व्यस्त रहते हैं। जिसपर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें आश्वस्त कराया कि अब ऐसा देखने को नहीं मिलेगा।
जिलाधिकारी ने समस्त क्षेत्रों के नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार से पहले अपने क्षेत्रों की साफ-सफाई जरूर कराएं। अधिशासी अभियंता विद्युत को आने वाली बिजली की समस्याओं को त्वरित गति से निबटाने को कहा। कहा इस बात का ध्यान रखें कि त्योहार पर बेवजह बिजली आपूर्ति बाधित न हो। बैठक में भरत लाल राही, उमाशंकर उमर, अरशद जमाल, मकसूद अहमद ने क्षेत्रों की समस्याएं बताई। जिस पर जिलाधिकारी ने समाधान कराने का निर्देश दिया।
इस अवसर पुलिस मुख्य राजस्व अधिकारी हंसराज यादव, अपर जिलाधिकारी डीपी पाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी घोसी सीएल सोनकर नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी आदि शामिल रहे।