जिला महिला अस्पताल में नवजात को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. नंद कुमार के पोलियो ड्राप पिलाकर सघन मिशन इंद्रधनुष के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। अभियान में जन्म से पांच वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को नियमित टीके और गर्भवती को टिटनेस- डिप्थीरिया (टीडी) के टीके लगाए जाएंगे। तीसरा चरण 9 से 14 अक्तूबर तक चलेगा। वही पहला चरण सात से 12 अगस्त और दूसरा चरण 11 से 16 सितंबर तक चलाया गया।
सीएमओ डा. नंद कुमार ने बताया कि टीकाकरण कवरेज में तेजी लाने के लिए सघन मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत सौ प्रतिशत तक टीकाकरण का लक्ष्य रख गया है। इसके तहत जन्म से पांच वर्ष तक के 15 हजार 207 बच्चों एवं 2 हजार 268 गर्भवती को पूरी तरह से प्रतिरक्षित किया जाना है। इसके अतिरिक्त जो बच्चे टीकाकरण से छूट गए हैं, उन्हें भी इस अभियान के तहत टीकाकरण का लाभ देना है। सघन मिशन इंद्रधनुष में 12 वैक्सीन-प्रीवेंटेबल डिजीज के खिलाफ टीकाकरण शामिल है, नवजात शिशुओं और बच्चों में होने वाली जानलेवा बीमारियों पोलियो, खसरा, रूबेला, रोटा वायरस, डिप्थीरिया, टिटनेस, काली खांसी आदि से बचाने के लिए संपूर्ण टीकाकरण बेहद जरूरी है।
क्षेत्र की आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से लगातार संपर्क करेंगी। अभियान में रविवार को छोड़कर सप्ताह के प्रत्येक दिवसों में आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला चिकित्सालय में टीके लगाए जाएंगे। नोडल अधिकारी डीआईओ डा. बी के यादव ने बताया कि टीकाकरण तैयार माइक्रो प्लान के आधार पर संचालित होगा। इस दौरान डा. वकील अली, डा.आरएन सिंह, डब्ल्यूएचओ से डा. पद्म जैन समेत अन्य लोग मौजूद थे।