मऊ। मऊ जंक्शन पर करोड़ों की लागत से पिछले चार वर्षों से किए जा रहे कोचिंग टर्मिनल का निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है। इसका लोकार्पण बुधवार की दोपहर 12 बजे रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गाजीपुर से करेंगे। इसका निर्माण हो जाने से ट्रेनों के रखरखाव और साफ सफाई का काम हो सकेगा।
रेलवे अधिकारियों द्वारा बीते तीन माह से युद्धस्तर पर इसे पूरा करने की कवायद की जा रही थी। इसके तहत 26 फरवरी से 1 मार्च तक मेगा ब्लाक लेकर टर्मिनल को मुख्य ट्रैक से जोड़ने के लिए नान इंटरलाकिंग कार्य किया गया। कार्य पूरा होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने रेलवे बोर्ड के समक्ष कार्य पूरा हो जाने की सूचना दी। छह मार्च को गाजीपुर में रेलवे राज्यमंत्री मनोज सिन्हा द्वारा वीडियो कांन्फ्रेसिंग के माध्यम से घोसी सासंद हरीनरायण राजभर की उपस्थिति में इसका लोकापर्ण दोपहर 12 बजे किया जाएगा।
बताते चले कि केंद्र की यूपीए सरकार के बजट में ही मऊ जंक्शन पर कोचिंग टर्मिनल निर्माण की मंजूरी मिल गई थी, लेकिन इसके लिए कोई धन आवंटित नहीं किया गया। जबकि वर्ष 2014 में आई एनडीए की सरकार ने वर्ष 2015 में 14 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि आवंटित की। लेकिन इस बीच कुछ तकनीकी खामियों से निर्माण का बजट और समय और बढ़ा तो फिर रेलवे बोर्ड की ओर से एक नया टेंडर किया गया। नए टेंडर के बाद युद्ध स्तर पर टर्मिनल से जुड़े कार्य पूरे किए गए।