अमिला। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मुहम्मदाबाद सिपाह गांव स्थित दो मंजिले खपरैल के मकान में शुक्रवार की देर रात अज्ञात कारणों से लगी आग में लाखों का सामान जल कर नष्ट हो गया। ग्रामवासियों और अग्निशमन के कर्मचारियों के अथक प्रयास से आग पर किसी तरह काबू पाया जा सका। परिवार वालों का आरोप है कि किसी ने घर के पीछे से आग लगा दिया। इस अगलगी में मुहम्मदाबाद सिपाह निवासी कमलेश राय के घर में रखे घरेलू सामान, कपड़ा, राशन के साथ ही जेवरात भी जल गए। इस बाबत परिजनों द्वारा उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। शुक्रवार की देर रात घर के पिछले हिस्से से धुआं निकलता देख गांव के लोगों ने शोर मचाया। तब जाकर गृहस्वामी के परिवार वालों को घटना की जानकारी हुई। गांव के लोग जब तक एकत्रित हो आग बुझाने की कोशिश करते तब तक आग ने विकराल रूप पकड़ लिया। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। गांव के लोगों और फायर ब्रिगेडकर्मियों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका। इस बाबत गृह स्वामी कमलेश राय ने बताया कि आग घर के पिछले हिस्से में पहले लगी। बताया कि आग लगने से लाखों का सामान जल कर नष्ट हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आग किसी ने जानबूझ कर लगायी है। क्षति हुई सामानों में घरेलू सामान, कपड़ा, आभूषण, अनाज के साथ मकान की भी ज्यादा क्षति हुई है। उन्होंने घटना की सूचना एसडीएम और तहसीलदार घोसी को दे दी है।