कोपागंज। ब्लाक के पारा-सहरोज बंधा पर बुधवार की दोपहर एक बाइक सवार जर्जर मार्ग होने से अनियंत्रित होकर गिर गया। जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जर्जर मार्ग पर एक ओर बाइक सवार के गिरने की सूचना मिलने पर आक्रोशित लोगों ने एकत्रित होकर जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी कर रहे लोगों का आरोप था कि जर्जर मार्ग के मरम्मत कार्य को लेकर कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अवगत करा चुके है, इसके बावजूद विभाग की ओर से मार्ग बनाने का कार्य नहीं किया जा रहा है। इसके चलते आए दिन दो पहिया वाहन चालक क्षतिग्रस्त मार्ग के चलते गिरकर घायल हो रहे है।
कुर्थीजाफरपुर निवासी फैसल पुत्र 32 सलमान अतहर बुधवार को किसी काम से बाइक से कोपागंज जा रहा था। जहां क्षेत्र के पारा-सहरोज मार्ग से गुजरने के दौरान जर्जर मार्ग के चलते अनियंत्रित होकर घायल हो गया। सूचना मिलने पर गांव के दर्जनों ग्रामीण आक्रोशित हो उठे ओर बंधे पर पहुंचकर सिंचाई विभाग के अधिकारियो के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एक सप्ताह में सड़क का मरम्मत कार्य शुरू न होने पर जनआंदोलन की चेतावनी दी। ग्राम प्रधान हाजी डॉ. अल्ताफ अहमद ने बताया कि मार्ग काफी जर्जर व क्षतिग्रस्त हैं। कई बार इसकी मरम्मत को लेकर सिचाई विभाग से शिकायत की गयी लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। जबकि रोजाना इस मार्ग से कुर्थीजाफरपुर, सहरोज नोसेमर जहनियापुर चकरा पारा के सैकड़ों ग्रामीणां को आवागमन बना रहता है। ग्रामीणों में राशिद कमाल, शाहफहद अजीज, अब्दुल्ला शाहिद, इम्तेयाज कमाल खुर्शीद, हाशिम लुकमान ,तनवीर आदि रहे।