मधुबन। थाना क्षेत्र के दुबारी क्षेत्र में हुई छात्रा के संग छेड़खानी की घटना के आरोपी को पुलिस पांचवें दिन भी गिरफ्तार नहीं कर सकी। पुलिस की मानें तो थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।
मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी क्षेत्र में पांच दिन पूर्व छात्रा के संग छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया था। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की। लेकिन आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। मधुबन थाने की पुलिस का कहना है कि किसी भी शिकायत की रिपोर्ट दर्ज करने मात्र से कोई दोषी नहीं हो जाता है। बोले आरोपी की जांच की जा रही है। जांच के बाद यदि आरोप सही मिला तो नामजद किए गए युवक को पकड़ा जाएगा। पुलिस की जांच में अभी तक पाया गया कि छेड़खानी की शिकार छात्रा का नाम राष्ट्रीय इंटर कालेज में नहीं लिखा गया है। इस बात की पुष्टि राष्ट्रीय इंटर कालेज के प्रबंधक मुसाफिर यादव ने की। बताया कि वह लड़की हमारे कालेज में नही पढ़ती है और न ही किसी क्लास में उसका नाम लिखा गया है। जबकि छेड़खानी की शिकार किशोरी ने अपने तहरीर में बताया कि विद्यालय से घर लौटते समय नामजद ने उसके संग छेड़खानी किया। सीओ मधुबन श्वेता ओझा ने बताया कि शनिवार को मामले का पर्दाफाश और आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।