मऊ। मधुबन तहसील के धर्मपुर देवारा हॉटस्पॉट में शनिवार को सर्वे तथा ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग शुरू हो गई। 15 टीमों ने 3064 ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग की। वहीं दूसरे हॉट स्पॉट गांव खोन्हाचंवर गांव में आवश्यक सामानों की आपूर्ति के लिए चार दुकानों को चिह्नित किया गया। जबकि जिले के तीन पुराने हॉट स्पॉट गांवों में सैनिटाइजेशन कार्य के साथ ग्रामीणों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
मधुबन: धर्मपुर देवारा गांव में 15 टीमों ने 545 घरों का सर्वे करते हुए 3064 ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग की। इस दौरान एक व्यक्ति से पीड़ित होना मिला, वहीं 230 बाहरी मिले। वहीं हॉट स्पॉट क्षेत्र में खाद्य पदार्थों तथा दवा के आपूर्ति के लिए दुकानें चिह्नित हुईं। दवाई के लिए एक मेडिकल हॉल, सब्जी के लिए दो दुकानें, खाद्य पदार्थों कीआपूर्ति के लिए दो दुकानें तथा फल आपूर्ति के लिए एक दुकान को चिह्नित कर संबंधित दुकानदारों का मोबाइल नंबर हॉटस्पाट कस्बे में रहने वाले लोगों को उपलब्ध करा दिया गया। मर्यादपुर हॉट स्पॉट क्षेत्र में छठवें दिन कोरोना पॉजिटिव मिली किशोरी के घर तथा आस पास 400 मीटर बने में सभी घरों को सैनिटाइज किया गया।
अमिला: बड़राव ब्लाक के खोन्हांचवर गांव में सर्वे तथा थर्मल स्क्रीनिंग के बाद गांव में आवश्यक सामानों की आपूर्ति के लिए चार दुकानों को चिह्नित किया गया। जिसमें दवाईंयों के लिए एक मेडिकल हॉल, सब्जी के लिए एक, आटा, चावल राशन आदि के लिए एक दुकान और फल की एक दुकान को चिह्नित करते हुए इन दुकानदारों का नंबर हॉट स्पॉट क्षेत्र के लोगों को मुहैया कराया गया।
बढुआगोदाम: परदहा ब्लाक के हॉट स्पाट गांव अहिलाद गांव में नौवें दिन शनिवार को सैनिटाइज कराने के साथ ही गांव में जागरूकता अभियान चलाया गया। रानीपुर: दसवें दिन हॉटस्पॉट चितबसाव गांव में ब्लाक की टीम ने पूरे गांव को सैनिटाइज किया। वहीं रानीपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि पलिया स्थित क्वारंटीन सेंटर से तीन लोगों का सैंपल भेजा गया।