दोहरीघाट। नगर पंचायत बोर्ड दोहरीघाट में शनिवार को हुई बैठक में जमकर हंगामा। ईओ द्वारा स्टॉप पेपर पर लिखित प्रस्ताव के रिसीविंग मांगने पर सभासद भड़क गए। नोंकझोंक के बाद मामला थाने पहुंचा।
नगर पंचायत दोहरीघाट की बोर्ड बैठक शनिवार को अपराह्न एक बजे शुरू हुई। बैठक के दौरान पिछले प्रस्ताव की पुष्टि को लेकर ईओ, चेयरमैन और सभासदों में बहस होने लगी। इसी दौरान ईओ द्वारा सभासदों से स्टॉप पेपर पर लिखित प्रस्ताव की मांग की गई। फिर क्या था सभासदों भड़क गए। साथ ही ईओ से उनका विवाद हो गया। बात बढ़ने पर ईओ और चेयरमैन पुष्पा देवी ने बैठक को निरस्त करने की योजना बनाने लगें। इसका सभासदों ने विरोध किया। साथ ही कार्यवाही रजिस्टर को अपने कब्जे में लेकर कार्यालय से बाहर निकल गए। सभासदों के कार्रवाई रजिस्टर लेकर जाने पर ईओ सुचेत्रा अरोड़ा ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। ईओ के लिखित शिकायत पर पुलिस ने जब सभासदों से संपर्क किया तो सभासद कार्यवाही रजिस्टर के संग थाने में उपस्थित हो गए। इस दौरान सभासदों ने भी ईओं और चेयरमैन के विरुद्ध तहरीर दिया। इसमें सभासदों ने ईओं और चेयरमैन के द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया। मामला न बनने पर दोनों पक्ष जिलाधिकारी के यहां जाने के लिए रवाना हो गए।