मऊ। कोपागंज ब्लाक क्षेत्र के अलीनगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत बच्चे प्रोजेक्टर के माध्यम से पढ़ाई करेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी ने सोमवार को स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया।
सरकारी विद्यालयों के शिक्षक भी विद्यालय को निजी स्कूलों के समकक्ष खड़ा करने के लिए स्वयं प्रोजेक्टर लगाने में आगे आ रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय अलीनगर की सहायक अध्यापिका शाहीन परवीन ने विद्यालय मेें अपने पैसे से प्रोजेक्टर की व्यवस्था कर मिसाल पेश की है। प्रोजेक्टर लगने से बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि जागृत होगी। साथ ही बच्चे विषयों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी ने कहा कि इस तरह के अध्यापकों द्वारा कार्य किए जाने से विद्यालय के प्रति लगाव बच्चों के प्रति जिम्मेदारी के भाव को प्रदर्शित करता है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी कोपागंज आरपी राम ने कहा कि शाहीन परवीन द्वारा विद्यालय में अपने खर्च पर प्रोजेक्टर लगाकर प्रशंसनीय कार्य किया गया है। संयोजिका शाहीन परवीन ने कहा कि अच्छे कार्य करने की प्रेरणा हमें विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह से मिली है। कार्यक्रम को एनपीआरसी मनोज कुमार सिंह, ज्ञानचंद कन्नौजिया, रमावती मिश्रा, मृदुला गुप्ता, सरिता सिंह आदि ने संबोधित किया। संचालन उत्कृष्ट शिक्षक राज्य पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अंजनी कुमार सिंह ने किया।