मऊ। नव नियुक्त अध्यापकों की शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी शनिवार को पालिका कम्युनिटी हॉल में हुई। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य आरसी यादव एवं विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक केसी भारती रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी की अध्यक्षता में पालिका कम्युनिटी हॉल में नवनियुक्त शिक्षकों की शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की शुभारंभ मां सरस्वती चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने की। तत्पश्चात पूजा पांडे के द्वारा सरस्वती वंदना एवं सारिका सिंह द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर नवनियुक्त शिक्षकों को कर्तव्य बोध कराने के लिए एवं बेसिक शिक्षा के गुणवत्ता में किस प्रकार से गुणात्मक सुधार हो इसे केंद्र में रखकर इस गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता वित्त एवं लेखाधिकारी मनोज तिवारी ने नवनियुक्त शिक्षकों को ऊर्जा के साथ शिक्षण कार्य करने पर जोर दिया। डायट प्राचार्य आरसी यादव ने नव नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक बनने के बाद भी अध्ययन अध्यापन के साथ पढ़ाने की बात कही। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. केसी भारती ने कहा कि यह गोष्ठी अपने आप में एक नई पहल है। जहां नवनियुक्त शिक्षकों को गोष्ठी के माध्यम से उनके कार्य का बोध कराने पर जोर दिया। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी ने कहा की बच्चों के परिवेश में डालकर उनके स्तर पर आकर शिक्षण कार्य करने से बच्चों के अधिगम को प्राप्त किया जा सकता है, जो बच्चा विद्यालय परिवेश में आता है उसे आत्मीयता के साथ उसके परिवेश को विद्यालय की शिक्षा से जोड़ते हुए अध्ययन अध्यापन करने से वह जल्द सीखता है और गुरुजनों को अपना आदर्श समझता है। इस प्रकार की शिक्षा का निर्माण करने की अपनी इच्छा उन्होंने जाहिर की। इस अवसर पर जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारी के साथ जिला समन्वयक गजेंद्र सिंह, रूपेश पांडे, चंद्रापीड मिश्र, ओम प्रकाश शुक्ला, धनंजय सिंहसहित नवनियुक्त शिक्षक उपस्थित रहे।