कोपागंज। क्षेत्र के काछीकला में नवनिर्मित विद्युत सब स्टेशन से कोपागंज और काछीकला गांव को विद्युत सप्लाई नहीं देने पर शुक्रवार को ग्रामीण भड़क गए। आक्रोशित लोगों ने संस्कार भारती के प्रमोद राय के नेतृत्व में सबस्टेशन पहुंचकर वहां चल रहे सभी काम बंद करवा दिए। उनका कहना था जब तक कोपागंज व काछीकला में खंभे नहीं गाड़े जाएंगे, तब तक उपकेंद्र पर काम नहीं करने दिया जाएगा।
कोपागंज ब्लाक के ग्राम पंचायत काछीकला में नवनिर्मित 33/11 विद्युत सब स्टेशन काछीकला के नाम से ही प्रस्तावित हैं जिसका निर्माण चल रहा है। शुक्रवार को जैसे ही काछीकला के लोगो को सूचना मिली कि सब स्टेशन से काछीकला व कोपागंज को सप्लाई नही दी जाएगी तो ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों से सूचना मिलते ही संस्कार भारती से जुड़े व समाजसेवी प्रमोद राय मौके पर पहुंचे और तत्काल विभाग के उच्च्चाधिकारियो से वार्ता करते हुए काम रुकवा दिया। गांव वालों का कहना था कि सहरोज नौसेमर सहित कई गांवों की ओर नई विद्युत लाइन बनाई जा रही है लेकिन काछी कला गांव की ओर बिजली के पोल नहीं गाड़े जा रहे हैं। उनका कहना है कि काछी कला में उपकेंद्र बनने के बाद भी इस गांव को ही इस केंद्र से नहीं जोड़ना अन्याय होगा। उन्होंने चेताया कि जब तक कोपागंज व काछीकला में विद्युत पोलों को गाड़ कर तार नही खींचे जाते तब तक कार्य नहीं शुरू करने दिया जाएगा। इस दौरान शिवनरायन राय ,आनंद राय ,अर्जुन, मयंक, अनुभव, अनुराग , सहर्ष, नीलेश आदि मौजूद रहे। इस बाबत एसडीओ जितेंद्र कुमार का कहना है कि काछी कला और कोपागंज गांवों को भी इस नये उपकेंद्र से बिजली दी जाएगी।