मऊ। नगर के बाल निकेतन स्थित रेलवे क्रासिंग के गेट का गुल्ला टूटने से रविवार को दो घंटे तक रेलवे फाटक बंद रहा है। सूचना पर रेल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कर फाटक को दुरुस्त किया। फाटक बंद होने के चलते यातायात बाधित रहा। हालंाकि सुबह का समय होने से लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़ी। फाटक ठीक होने पर आवागमन चालू हुआ।
रेलवे क्रासिंग पर लगे गेट का गुल्ला रविवार की भोर पांच बजे टूट गया। इससे फाटक बंद हो गया। फाटक के बंद हो जाने के बाद गेटमैन द्वारा गुल्ला को दुरस्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। स्टेशन अधीक्षक ने इंजीनिरिंग विभाग को सूचना दी। काफी देर से रेलवे फाटक बंद होने बाल निकेतन से सदर चौक को जाने वाले वाहन चालक और दूसरी तरफ से बाल निकेतन की ओर आने वाले वाहन सवार काफी परेशान रहे। तकनीकी टीम के साथ आरपीएफ प्रभारी डीके राय हमराहियों के साथ पहुंचे। जहां करीब दो घंटे बाद अथक प्रयास के बाद टूटे गुल्ला को बदलने के बाद रेलवे फाटक को ठीक कर खोल दिया गया। हादसा रविवार की भोर में हुआ। उस समय सड़क पर आवागमन कम होने के चलते ज्यादा परेशानी नहीं हुई। अगर यही हादसा दोपहर या शाम के समय होता तो लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता और जाम की समस्या से जूझना पड़ता।