नदवासराय। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के अली हांसपुर गांव निवासी एक युवक रविवार की सुबह विद्युत करेंट की चपेट में आने से झुलस गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के अलीहांसपुर निवासी 26 वर्षीय सोनू पुत्र स्व. सुभाष विश्वकर्मा रविवार को अपने दरवाजे के सामने खड़ा था। इस दौरान सामने के विद्युत पोल पर केबिल पर अचानक एक बंदर कूद गया। बंदर के शरीर के भार से केबिल टूट गई और पास में खड़े सोनू के ऊपर गिर गई। इससे करेंट की चपेट में आने से सोनू गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गया। और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी राधिका, मृतक की ढाई साल की बेटी मीठी और एक वर्ष का बेटा गोलू लगातार रो रहे थे।