मऊ। अत्यधिक शराब के सेवन से युवक की हुई मौत के मामले में अस्पताल से मेमो भेजे जाने के बाद भी सराय लखंसी थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार के लोग शव लेकर घर लौट गए। मृत युवक सरोज गुप्ता (30) गाजीपुर जिले के दुल्हपुर थाना क्षेत्र का निवासी था।
बताया जाता है अत्यधिक शराब पीने के कारण उसकी हालत खराब हुई। इस दौरान परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर आए। मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल में परीक्षण के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथ ही इसकी सूचना सराय लखंसी थाने की पुलिस को दी। सराय लखंसी थाने की पुलिस पूरी घटना से अवगत होने के बाद शव का पीएम कराने से इनकार कर दिया। पीड़ित परिवार का कहना था कि पुलिस ने कहा कि घटनास्थल गाजीपुर जिले है, तो शव का पोस्टमार्टम भी वहीं हो। चूंकि शव मोर्चरी में रखा जा चुका था। इस कारण अस्पताल कर्मचारियों ने मेमो पर मृतक के भाई अनिल से लिखवा लिया कि मैं अपनी मर्जी से बिना पोस्टमार्टम कराए शव को मोर्चरी से लेकर जा रहा हूं। जबकि संपर्क करने पर पुलिस ने बताया कि मृतक के परिवार के लोग शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इस कारण शव को वापस कर दिया गया।