जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में बैठक करके लोक सभा चुनाव की रुपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने जिल के सभी लोगों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने की अपील की। बताया कि चुनावी आचार संहिता जिले में लागू है, लेकिन जिले में चुनावी प्रक्रिया 22 अप्रैल से शुरू हो जाएगी।
स्पष्ट किया कि 22 अप्रैल से जिले के 70 घोसी लोकसभा में चुनावी प्रक्रिया के लिए अधिसूचना लागू कर दी जाएगी। इसके साथ ही नामंकन पत्रों की बिक्री और नामंकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया कलेक्ट्रेट में शुरु होगी। नामंकन पत्रों के दाखिल करने की अंतिम तिथि 29 अप्रैल तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 30 अप्रैल को होगी। जबकि दो मई को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। तीन मई को सिंबल एलाट किया जाएगा। इसके बाद आदर्श आचार संहिता का पालन कराते हुए 19 मई को जिले में मतदान कराया जाएगा।
डीएम ने बताया कि मतदान को संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। जिले में कड़ाई से आचार संहिता का पालन कराया जाएगा। बोले रविवार की शाम को आयोग द्वारा जैसे ही आदर्श आचार संहिता की घोषणा की गई, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में राजनीतिक पार्टियों तथा सरकारी विज्ञापनों पर लगे बैनर और पोस्टर को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। बताया कि बिना अनुमति कोई भी राजनैतिक दल अपने वाहनों पर झंडा नहीं लगाएगा। कहा कि मतदेय स्थलों पर दिव्यागों को मतदान के लिए व्यवस्था की गई है। बोले सोशल मीडिया के साथ प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया की खबरों पर निगाह रखने के लिए एक कमेटी गठित की गई है। इसमें एक पत्रकार को भी नामित किया गया है। जो आचार संहिता के उल्लंघन वाली खबरों पर निगाह रखेगी।