जाम के चलते घोसी बाजार, मझवारा मार्ग, बस स्टेशन, करीमुद्दीनपुर, एनएच 29 के किनारे स्थित दुकानदारों के साथ ही उधर से गुजरने वालों के लिए भी मुसीबत बन गई है। बाजार में बेतरतीब ढंग से खड़े किए गए वाहनों जाम की वजह बनते हैं। ऐसे में घंटों जाम में फंसने के साथ ही लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई बार जाम में फंसे लोग आपस में ही भिड़ जाते हैं।
सर्वोदय कॉलेज के छात्र अतुल शर्मा, अजीत गुप्ता के साथ नगर के समाज सेवी अरविंद पांडेय, झीनाउ आदि लोगों ने बताया कि बाजार में पार्किंग के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में लोग मनमाने तरीके से वाहन खड़े कर देते हैं। कोई रोक-टोक नहीं होने से लोगों को मना करना भी बेकार साबित होता है। प्रशासन और पुलिस इस ओर ध्यान नहीं देती। हालात यह है कि घोसी नगर के मझवारा मोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ मझवारा रोड के दोनों पटरियों के साथ सरकारी अस्पताल, तहसील के पास, बस स्टेशन से लेकर मधुबन मोड़ तथा मधुबन रोड पर करीमुद्दीनपुर तक सड़क के दोनों पटरियों पर ठेले तथा वाहनों के सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़ा होना आम बात हो गयी है। यही हाल मधुबन मोड़ से करीमुद्दीनपुर तक का है। जहां मधुबन रोड सिमट कर आधा रह गया है। इससे सबसे अधिक परेशानी कॉलेज जाने वाले छात्र छात्राओं को होती है। लोगों का कहना है कि इस समस्या के संबंध में प्रशासन से कई बार मांग के बाद भी इस समस्या का कोई हल नहीं निकल पा रहा है। इस बाबत एसडीएम डा. छेदीलाल सोनकर ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का निर्देश नगर पंचायत ईओ को दिया जा चुका है। जल्द ही सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने को लेकर अभियान चलाया जाएगा।