पिपरीडीह। परदहां ब्लाक के ओन्हाइच गांव में 100 केवीए ट्रांसफार्मर के जलने से पिछले तीन दिनों से बिजली गुल है। ग्रामीण अंधेरे में रात काटते को परेशान हैं। उन्होंने बिजली विभाग को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली बहाल न की गई तो सभी गांववासी सड़क पर उतर प्रदर्शन करेंगे।
गांव के उदय सिंह, मंटु सिंह, गुड्डू मौर्य, सुनिल पांडेय, गप्पू जायसवाल, दिनेश राम आदि ने कहा कि तीन दिन से बिना बिजली के सभी परेशान हैं। गांव की आटा चक्की भी ठप है। गेहूं पिसवाने के लिए भी लोगों को कई किलोमीटर दूर दूसरे क्षेत्र में जाना पड़ रहा है। यहीं नहीं बिजली न होने से नलकूप, ट्यूबवेल शोपीस बने हुए है। जिससे सिंचाई न होने से फसल सूखने का डर सता रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि 100 केवी ट्रांसफार्मर से सैकड़ों से अधिक घरों को बिजली सप्लाई दी जाती है। इसकी क्षमता बढ़ाने की जरूरत है। 100 केवीए का ट्रांसफार्मर अधिक लोड होने से भी बार-बार इसके जलने की नौबत आती है। कई-कई दिन लोगों को अंधेरे में रहना पड़ता है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को यह चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर को बदल कर बिजली बहाल न की गई तो परिणाम गंभीर होंगे। इस बाबत एसडीओ अमित गुप्ता का कहना है कि फुंके ट्रांसफार्मर को बदलकर दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।